जयपुर: राजस्थान में बहुचर्चित कनिष्ठ अभियंता (JEN) भर्ती पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई की है। SOG ने जल संसाधन विभाग में तैनात सहायक अभियंता (AEN) अतुल मीना को कोटा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 25 लाख रुपये में पेपर खरीदकर परीक्षा पास की थी और JEN पद पर चयन के बाद प्रमोशन पाकर AEN बना था। अदालत ने आरोपी को 5 अगस्त तक SOG रिमांड पर भेज दिया है।
12 से अधिक परीक्षाओं में असफल होने पर अपनाया फर्जीवाड़ा
SOG के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, दौसा जिले के सालीमपुर गांव का रहने वाला अतुल मीना इस फर्जीवाड़े से पहले करीब एक दर्जन प्रतियोगी परीक्षाएं दे चुका था, लेकिन किसी में भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने शॉर्टकट अपनाते हुए पेपर लीक माफिया हर्षवर्धन मीना उर्फ पटवारी से उसके एक करीबी रिश्तेदार के जरिए संपर्क साधा और 25 लाख रुपये में JEN भर्ती परीक्षा के पेपर का सौदा किया।
रद्द हुई परीक्षा का दोबारा आयोजित पर्चा भी करा लिया लीक
कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2020 का पेपर लीक होने के कारण पहली परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद 12 सितंबर 2021 को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। SOG की जांच में सामने आया कि माफिया ने दोबारा हुई परीक्षा का पेपर भी लीक कर दिया था और अतुल मीना सहित कई अभ्यर्थियों तक इसे पहुंचाया था।
SOG रिमांड पर, पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी
SOG द्वारा मुख्य आरोपी हर्षवर्धन मीना की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अतुल मीना का नाम सामने आया था। साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। फिलहाल SOG आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पेपर हासिल करने वाले अन्य अभ्यर्थियों और पेपर सप्लाई करने वाले गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।