सिरोही, 24 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज, सिरोही में शुक्रवार को नवनिर्मित “आरोग्य वन” में व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत परिसर में 1,530 छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर तथा पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।

आरोग्य वन में बरगद, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिससे मेडिकल कॉलेज परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल स्वरूप देने का प्रयास किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, चिकित्सकों, मरीजों और आमजन के लिए स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में मेडिकल कॉलेज प्रशासन, गायत्री परिवार तथा इनटेक (INTACH) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मलकेश मीना, आशुतोष पाटनी एवं राजेन्द्र नरुका की विशेष भूमिका रही।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में “आरोग्य वन” सिरोही में पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायी उदाहरण बन सके।