आगोर भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर: आरासणा में अवैध निर्माण ध्वस्त, राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई, राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण

पिंडवाड़ा (सिरोही)। तहसील पिंडवाड़ा के ग्राम आरासणा, पटवार हल्का तेलपुर की राजस्व सीमा में स्थित खसरा संख्या 300 की गैर मुमकिन आगोर भूमि पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध राजस्व विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटा दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा आगोर भूमि पर किए गए अवैध निर्माण की शिकायत प्रशासन को दी गई थी। शिकायत की जांच के बाद संबंधित व्यक्ति देवपुरी पुत्र हीरापुरी को राजस्थान काश्तकारी अधिनियम की धारा 91 के तहत नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया। नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रूपाराम, भू-अभिलेख निरीक्षक अधिकारी किशोर रावल, हल्का पटवारी पंकज, दीपक एवं लक्ष्मण की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर आगोर भूमि से अवैध अतिक्रमण एवं निर्माण को हटवाया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पिंडवाड़ा पुलिस भी मौके पर तैनात रही। पुलिस दल में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुमन तथा हेड कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी मौके पर उपस्थित रहे।

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण कानून के विरुद्ध है, और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *