ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, संदिग्ध मूंगफली तेल के 450 किलो टिन सीज; त्योहारों से पहले मिलावट पर सख्त वार

Spread the love

ब्यावर | 8 जुलाई। राजस्थान सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मूंगफली तेल का 450 किलो स्टॉक सीज किया है। त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन से पहले की गई इस कार्रवाई को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी पहल माना जा रहा है।

जिला कलक्टर कमल राम मीणा के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में शहर स्थित एक ट्रांसपोर्ट परिसर पर छापेमारी की। विभाग को मिली शिकायत के आधार पर जांच के दौरान स्वास्तिक ब्रांड के मूंगफली तेल के 15-15 किलो के 30 टिन (कुल 450 किलो) संदिग्ध पाए गए, जिन्हें तत्काल सीज कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने तेल के नमूने लेकर जांच के लिए अजमेर की प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित पक्ष के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि बदलते मौसम, त्योहारों और आगामी विवाह समारोहों को देखते हुए जिलेभर में खाद्य पदार्थों की सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में मिठाई की दुकानें, हलवाई, बेकरी, डेयरियां, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी विशेष जांच की जाएगी ताकि आम लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचे।

प्रशासन की अपील:

यदि किसी व्यक्ति को खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध गुणवत्ता की जानकारी मिले तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *