जयपुर/भरतपुर | 08 जुलाई 2026 रीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नोट्स और परीक्षा की तैयारी में मदद का भरोसा दिलाने के बाद दुष्कर्म करने के आरोप में सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य पर बड़ी कार्रवाई हुई है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री के निर्देश पर आरोपी प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार युवती की शिकायत पर भरतपुर के उद्योग नगर थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने युवती को नोट्स देने के बहाने भरतपुर बुलाया, जहां उसे और उसकी सहेली को एक मकान पर ले जाकर बंधक बनाया और नशीला पदार्थ पिलाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि अगले दिन युवती की सहेली ने परिजनों को फोन कर लोकेशन भेजी, जिसके बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 30 जून को पीड़िता की रिपोर्ट पर नामजद एफआईआर दर्ज हुई।
आरोपी डीग जिले के एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत था। विभागीय जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी विभिन्न शिकायतें सामने आ चुकी थीं। वर्तमान मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल निलंबन आदेश जारी कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।