सिरोही |( रिपोर्टर महेंद्र सिंह परिहार ) खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिरोही में कैफिनेटेड पेय पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित भ्रामक प्रचार के मामले में 2040 कैन/बोतलें जब्त की हैं। मांडवा रोड स्थित माँ अर्बुदा एजेंसी के गोदाम पर निरीक्षण के दौरान स्टिंग एनर्जी और ब्लैक बगीरा एनर्जी ड्रिंक के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सीज किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान के निर्देश पर की गई। दोनों उत्पादों के नमूने एफएसएसएआई अधिनियम के तहत लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जोधपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि कैफिनेटेड पेय पदार्थों पर “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक”, “स्टिमुलेट्स माइंड” या “एनर्जाइज बॉडी” जैसे दावे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। इसी संबंध में देश के कई प्रमुख पेय ब्रांडों से भी जवाब मांगा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। कार्रवाई के दौरान गोदाम में रखी करीब 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक भी मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत और धर्मवीर की टीम द्वारा की गई।