जोधपुर | 4 जुलाई 2026। जोधपुर जिले के बालेसर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर आगोलाई स्थित कालका माता मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो के पास खड़े तीन युवक पिकअप की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी के अनुसार मृतकों की पहचान गंगाणा चोखा गांव निवासी राजूनाथ (28), दयालनाथ (27) और प्रकाशनाथ (25) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे।
जानकारी के अनुसार दयालनाथ अपनी पत्नी पप्पू देवी और पांच बच्चों को उनके पीहर टिबड़ी गांव से वापस लाने गया था। उसके साथ बड़ा भाई माणकनाथ, चचेरा भाई राजूनाथ और प्रकाशनाथ भी बोलेरो में सवार थे। वाहन में कुल 10 लोग थे, जिनमें एक महिला और पांच बच्चे शामिल थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में किसी कारण बोलेरो हाईवे किनारे रुकी थी। इसी दौरान तीनों युवक वाहन के पास खड़े थे, तभी तेज गति से आई पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।