Headlines

4 जुलाई को पीएम मोदी का राजस्थान दौरा, जोधपुर में हाई अलर्ट; ड्रोन उड़ाने पर अस्थायी प्रतिबंध

Spread the love

राजस्थान को पीएम मोदी की दो बड़ी सौगात, जोधपुर में नए एयरपोर्ट का उद्घाटन और पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण

बाड़मेर/जोधपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे के दौरान प्रदेश को दो बड़ी सौगातें देने जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे जोधपुर में नए नागरिक हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जोधपुर में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी), जिला प्रशासन, एयरपोर्ट प्राधिकरण और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त बैठक कर कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसपीजी की टीम ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री पहले जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से नए एयरपोर्ट तक उनके मार्ग को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही हैं, जिसके बाद अंतिम रूट तय किया जाएगा। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पचपदरा रवाना होंगे, जहां रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने के पश्चात वापस जोधपुर से प्रस्थान करेंगे।

ड्रोन उड़ाने पर अस्थायी रोक

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए जोधपुर पुलिस आयुक्तालय ने 2 जुलाई से 5 जुलाई तक शहर में बिना पूर्व अनुमति ड्रोन और अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा कारणों और संवेदनशील सैन्य क्षेत्र होने के चलते यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित एजेंसियां लगातार समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *