अजमेर से बांरा जा रही एक रोडवेज बस के ड्राइवर ने शराब के नशे में बस को खतरनाक तरीके से चलाते हुए यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी। घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है।
ड्राइवर के नशे में होने की जानकारी होने और गलत तरीके से बस दौड़ाने पर बस में सवार यात्रियों ने हंगामा कर दिया। जिस पर कंडक्टर ने बस को नसीराबाद में रुकवाया और सिटी थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नशे में धुत ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अजमेर से दूसरा ड्राइवर बुलाकर बस को रवाना किया गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यात्रियों को परेशानी हुई।
जोधपुर डिपो की रोडवेज बस का ड्राइवर लक्ष्मण।
अजमेर में कर लिया शराब का सेवन
जोधपुर डिपो की रोडवेज बस जोधपुर से वाया अजमेर होकर बांरा जा रही थी। बस को ड्राइवर लक्ष्मण पुत्र छोटू चला रहा था। कंडक्टर रामप्रकाश ने बताया कि लक्ष्मण जोधपुर से अजमेर तक तो बिल्कुल ठीक था और बस भी सही चला रहा था। लेकिन संभवतया उसने अजमेर में शराब पी ली थी। वह अजमेर से बारां के लिए रवाना हुआ तो नसीराबाद घाटी में बस को लहराते हुए खतरनाक रूप से चलाने लगा।
कंडक्टर ने बस रुकवाकर पुलिस को दी सूचना
बस में सवार यात्रियों की सांसे फूल गई और यात्रियों को ड्राइवर के नशे में होने का पता चल गया। यात्रियों ने अजमेर-नसीराबाद के बीच हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों के हंगामे और बस ड्राइवर की हरकतों को देखते हुए कंडक्टर रामप्रकाश बस को नसीराबाद सिटी में ले आया और सिटी पेट्रोल पंप के पास बस को रुकवाकर सिटी थाना पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ड्राइवर को थाने ले गई
सूचना मिलने पर थाने के ड्यूटी आफिसर एएसआई राकेश मीणा मौके पर पहुंचे और ड्राइवर और यात्रियों से पूरे मामले की जानकारी लेकर ड्राइवर को नशे की हालत में देखकर उसे थाने भिजवा दिया।
पुलिस और परिचालक ने अजमेर रोडवेज प्रशासन से बात कर दूसरे ड्राइवर या बस की व्यवस्था करने की बात की, जिस पर अजमेर से दूसरा ड्राइवर नसीराबाद पहुंचा और बस को लेकर बारां के लिए रवाना हुआ।
शांतिभंग के आरोप में ड्राइवर गिरफ्तार
इस दौरान बस करीब डेढ़ घंटे तक नसीराबाद में खड़ी रही। जिसके कारण बस में सवार यात्री, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी थे, वो काफी परेशान हो गए। पुलिस ने बस ड्राइवर लक्ष्मण को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।