Headlines

Jaipur: श्री गंगानगर निर्माणाधीन भवन में हादसा, हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत

Spread the love

जयपुर: श्रीगंगानगरः जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई. दोनों मजदूर एक निर्माणाधीन भवन की छत पर काम कर रहे थे. इसी दौरान लोहे का सरिया उठाते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया. इससे दोनों मजदूरों की मौके पर मौत हो गई.

हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के संकेत मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

भवन निर्माण कार्य में लगे थेः

मृतकों की पहचान अमरीक सिंह (72) निवासी 20 जैड, मटीली राठान तथा संदीप कुमार (45) निवासी ब्रह्म कॉलोनी, पावन धाम के पास, श्रीगंगानगर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर सत्यम नगर स्थित एक भवन के निर्माण कार्य में लगे हुए थे. कार्य के दौरान छत पर लोहे का लंबा सरिया उठाते समय अचानक वह हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गया. करंट का तेज झटका लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए. घटना की सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए. अचानक हुई इस घटना से परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई. संदीप कुमार परिवार में मुख्य कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं, जबकि अमरीक सिंह लंबे समय से मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *