Headlines

खाटूश्यामजी मारपीट कांड 5 राज्यों में दबिश के बाद दो मुख्य आरोपी अजमेर से गिरफ्तार, निकाला जुलूस

Spread the love

जयपुर: सीकर. जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में 26 मई को हुए चर्चित करण कुमावत मारपीट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों रूद्र शर्मा और धीरज को पुलिस ने अजमेर जिले के अराई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में नामजद सभी प्रमुख आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.

खाटूश्यामजी थाना अधिकारी पवन चौबे ने बताया कि गत 26 मई को खाटूश्यामजी स्थित तोरण द्वार के पास कुछ लोगों ने करण कुमावत के साथ बेरहमी से मारपीट की थी. घटना का वीडियो और जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश फैल गया था. पीड़ित और समाज के लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरना भी दिया था. धरने के दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोराराम कुमावत और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की थी. दोनों मंत्रियों ने सात दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया था. थाना अधिकारी चौबे ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने लगातार तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान सहित पांच राज्यों में अभियान चलाया गया.

पांच राज्यों में 22 जगह दबिश दी:

चौबे ने बताया कि पांच राज्यों में पुलिस टीम ने करीब 22 अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी. लंबी तलाश और गहन जांच के बाद फरार दोनों मुख्य आरोपियों रूद्र शर्मा और धीरज को अजमेर के अराई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों आरोपियों को खाटूश्याम जी लाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक राजेश जांगिड़ और थाना अधिकारी पवन चौबे के नेतृत्व में दोनों आरोपियों का तोरण द्वार से मुख्य कस्बे से होते हुए खाटूश्याम जी पुलिस थाने तक जुलूस निकाला गया.

अन्य पहलुओं की भी जांच जारी:

अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है. इस प्रकरण में इससे पहले एक मुख्य आरोपी तथा उसके कुछ सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *