भीनमाल। मानवता और सेवा की भावना का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष भानाराम बोहरा ने एक अनजान यात्री की मदद कर समाज के सामने प्रेरणादायक मिसाल कायम की है।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद-जोधपुर ट्रेन में यात्रा कर रहे 53 वर्षीय प्रदीप शर्मा की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। अकेले यात्रा कर रहे यात्री की स्थिति गंभीर होने पर रेलवे स्टाफ ने रानीवाड़ा स्टेशन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कुछ स्वयंसेवक सहायता के लिए स्टेशन पहुंच गए। इसी दौरान ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष भानाराम बोहरा भी अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे।
स्वयंसेवकों के सहयोग से प्रदीप शर्मा को एंबुलेंस के माध्यम से रानीवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में हार्ट संबंधी समस्या सामने आने पर चिकित्सकों ने उन्हें भीनमाल रेफर कर दिया। भानाराम बोहरा उन्हें अपने साथ भीनमाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां विभिन्न जांचों के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें जोधपुर ले जाने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद भानाराम बोहरा एंबुलेंस के साथ प्रदीप शर्मा को जोधपुर स्थित मेडिपल्स अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां भर्ती करवाया। प्रदीप शर्मा का परिवार सुजानगढ़ के समीप निवास करता है। परिजनों को सूचना देकर जोधपुर बुलाया गया। जब तक परिवार के सदस्य वहां नहीं पहुंचे, तब तक भानाराम बोहरा एक परिजन की तरह उनके साथ रहे और उनका पूरा ध्यान रखा।
रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन से लेकर रानीवाड़ा अस्पताल, वहां से भीनमाल और फिर जोधपुर तक लगातार साथ रहकर भानाराम बोहरा ने सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी भानाराम बोहरा कई बार जरूरतमंदों की सहायता कर ऐसे प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं।