दुर्गाराम लहुआ की स्मृति में उमड़ा सेवाभाव, जन्मदिवस पर युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

Spread the love

बाड़मेर में लहुआ फाउंडेशन का रक्तदान शिविर, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का लिया संकल्प

बाड़मेर, 30 अगस्त। सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहायक स्वर्गीय दुर्गाराम लहुआ की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उनके जन्मदिवस पर बाड़मेर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। लहुआ फाउंडेशन एवं रक्तकोष फाउंडेशन जिला शाखा बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान तथा लहुआ प्रोजेक्ट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित शिविर में युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। रक्तदाताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर के अधीक्षक डॉ. हनुमानराम चौधरी, मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान बाड़मेर के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. मसूरिया, सामाजिक कार्यकर्ता उदाराम मेघवाल तथा राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर के हेल्थ मैनेजर नरेन्द्र खत्री अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

शिविर के दौरान राजेन्द्र लहुआ, रूपेश पंवार, प्रेम वायल, पुरुषोत्तम हिंगड़ा, रमेश कड़ेला, रमेश गांगला, विक्रम पंवार, ओम चौहान, गौतम पंवार और ठाकुर राम गोदारा सहित कई युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

लहुआ फाउंडेशन की महासचिव सन्तोष लहुआ ने बताया कि उनके ससुर स्वर्गीय दुर्गाराम लहुआ का निधन गत 16 जून को हुआ था। उनके जन्मदिवस पर परिवार की ओर से उनकी स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा मिले।

रक्तदाताओं का जताया आभार

शिविर में चन्द्रवीर गर्ग, वीराराम पंवार, संदीप लीलावत, सुरेन्द्र पंवार, अशोक पंवार और पुखराज पंवार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताते हुए नियमित रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर शिविर संयोजक रूपेश पंवार ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं आगंतुकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, इसलिए सक्षम लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *