जयपुर, 30 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण के जरिए देशवासियों से संवाद किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, नशामुक्त युवा, स्वच्छता और नवाचार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया। जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर महिलाओं के साथ बैठकर कार्यक्रम सुना।
प्रधानमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि किसी छोटे से विचार में भी बड़े बदलाव की क्षमता होती है। उन्होंने युवाओं से अपने नए विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
महिलाएं बन रही हैं आत्मनिर्भर
प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़ने वाले लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। 35 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना के माध्यम से अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन खाते, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
महिला सशक्तीकरण को लेकर राजस्थान सरकार के प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत राष्ट्र के लिए महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। राजस्थान सरकार की ओर से महिलाओं से संवाद कर उनके सुझावों को बजट में शामिल करने का प्रयास किया गया है।
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए मेधावी छात्राओं को साइकिल और स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही हैं। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘मां योजना’ के तहत निशुल्क जांच और सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वहीं, राजीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों के जरिए भी महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
नशे से दूर रहने की युवाओं से अपील
प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान में युवाओं की भागीदारी को सकारात्मक कदम बताया। साथ ही स्वच्छता अभियानों में युवाओं की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। ‘मन की बात’ के इस संस्करण में युवाओं को नवाचार के जरिए आगे बढ़ने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संदेश को प्रमुखता मिली।