शांतिवन में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन, भाई-बहनों ने लिया बुराइयों से दूर रहने का संकल्प
आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व आध्यात्मिक वातावरण और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ दीदियों ने भाई-बहनों को परमात्म रक्षा सूत्र बांधकर जीवन में पवित्रता अपनाने, अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देने और बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी ने कहा कि जब व्यक्ति अपना सर्वस्व परमात्मा को समर्पित कर देता है तो उसके जीवन की जिम्मेदारी भी परमात्मा पर छोड़ देता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन को पवित्र विचारों और श्रेष्ठ संस्कारों से जोड़ने का संदेश देने वाला पर्व है।
पवित्रता को बताया नई दुनिया का आधार
संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि परमात्मा मनुष्य आत्माओं को पवित्र जीवन अपनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रकृति के संतुलन पर भी चिंता जताते हुए कहा कि पर्यावरणीय असंतुलन के कारण प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। नेपाल में हुई आपदा को दुखद बताते हुए उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने भाई-बहनों से अपने जीवन को आदर्श बनाने और समाज व पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने योग एवं तपस्या के माध्यम से आत्मिक उन्नति करने की बात कही।
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ऊषा दीदी ने कहा कि पवित्रता, स्नेह और ईश्वरीय संबंध सभी एक ही सूत्र से जुड़े हैं। उन्होंने भाई-बहनों से आपसी स्नेह बनाए रखने, एक-दूसरे के संस्कारों को समझने और परिस्थितियों के अनुसार सकारात्मक रूप से सामंजस्य स्थापित करने का संदेश दिया।
भक्ति गीतों ने बांधा आध्यात्मिक समां
कार्यक्रम में संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी शशि दीदी ने शिव बाबा को भोग अर्पित किया। मधुरवाणी ग्रुप के बीके सतीश भाई एवं टीम ने रक्षाबंधन के अवसर पर सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बीके सविता दीदी ने किया।
इस अवसर पर ज्ञान सरोवर की निदेशिका बीके प्रभा दीदी, ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. प्रताप मिड्ढा, मीडिया विंग के उपाध्यक्ष बीके आत्म प्रकाश भाई, अभियंता प्रभाग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल, आवास-निवास प्रभारी बीके देव भाई, समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई, डॉ. सतीश गुप्ता, बीके सुधीर भाई, बीके रुक्मिणी दीदी, बीके लीला दीदी, बीके नीलू दीदी सहित संस्थान के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाई-बहन मौजूद रहे।