माउंट आबू में ‘राखी रक्षा महोत्सव’ की शुरुआत, छात्राओं ने जवानों के लिए भेजीं राखियां

Spread the love

सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचेगा बहनों का प्यार, डाक विभाग ने संभाली राखियां पहुंचाने की जिम्मेदारी

माउंट आबूः रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग की ओर से माउंट आबू में ‘राखी रक्षा महोत्सव’ अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत स्कूली छात्राएं सीमा पर तैनात भारतीय जवानों के लिए राखियां तैयार कर उन्हें डाक के माध्यम से भेज रही हैं। यह अभियान 28 अगस्त तक जारी रहेगा।

इसी क्रम में 26 अगस्त को डाक विभाग की टीम सेंट जोसेफ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। यहां छात्राओं को राखियां और लिफाफे उपलब्ध करवाए गए। छात्राओं ने उत्साह के साथ जवानों के लिए राखियां तैयार कीं और लिफाफों को आकर्षक चित्रकारी से सजाया।

डाक विभाग के पोस्टमास्टर दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य छात्राओं को देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बालिकाएं इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।

सेंट जोसेफ स्कूल की प्रबंध निदेशक खुर्शीद कांटेक्ट ने इसे छात्राओं को राष्ट्रसेवा और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने वाली पहल बताया। वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार मीणा ने कहा कि सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति बहनों की भावनाएं भी इस अभियान के माध्यम से उन तक पहुंच रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के बाबूलाल, भगवान सिंह और मिताली सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे। डाक विभाग ने छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियों को सुरक्षित रूप से सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है।

राखी रक्षा महोत्सव के जरिए माउंट आबू की बेटियां देश की सरहदों पर तैनात वीर जवानों को राखी के साथ अपना स्नेह और सम्मान भेज रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *