माउंट आबू। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के उत्तर क्षेत्र के मुख्य बीमा सलाहकारों का सम्मान समारोह, सम्मेलन एवं राखी सांस्कृतिक महोत्सव माउंट आबू में भव्य रूप से आयोजित किया गया। हमिंग बर्ड में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से 500 से अधिक मुख्य बीमा सलाहकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि LIC के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव चंद ने कहा कि LIC से जुड़ना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने LIC को देश के प्रमुख आर्थिक संस्थानों में से एक बताते हुए कहा कि इसकी देशभर में 2000 से अधिक शाखाएं लोगों को सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
गौरव चंद ने माउंट आबू की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ऋषि-मुनियों की तपोभूमि और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने कहा कि यहां की शांति और वातावरण ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।
उत्तर क्षेत्र के जोनल मैनेजर नरवीर सिंह राघव ने सभी मुख्य सलाहकारों का स्वागत करते हुए कहा कि राखी पर्व से पहले आयोजित यह कार्यक्रम आपसी सद्भाव, भाईचारे और संगठनात्मक एकता का संदेश देता है। उन्होंने माउंट आबू को आध्यात्मिक एवं शांत वातावरण वाला विशेष स्थान बताया।
कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र के रीजनल मैनेजर एमजी भाटी और जोधपुर डिवीजन के सीनियर डिवीजन मैनेजर राजीव गोसाई ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान मंच पर उत्तर क्षेत्र के मुख्य बीमा सलाहकारों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के दौरान अधिकारियों ने मुख्य सलाहकारों, प्रबंधकों एवं सहायक प्रबंधकों को संबोधित किया। वहीं राखी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में राजस्थानी कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
छह राज्यों से पहुंचे सलाहकारों की सहभागिता और सम्मान समारोह ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकता, सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला।