समाज को नई दिशा देने वाली हो पत्रकारिता: राजयोगी करुणा भाई
जिला स्तरीय पत्रकार स्नेह मिलन एवं पुष्पांजलि सभा में 200 से अधिक पत्रकारों ने लिया हिस्सा
आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में रविवार को जिला स्तरीय पत्रकार स्नेह मिलन एवं पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिरोही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 200 से अधिक पत्रकारों ने सहभागिता की। इस दौरान पत्रकारों ने सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर प्रकाश स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संस्थान की ओर से दादी प्रकाशमणि की स्मृति में हर वर्ष पत्रकार स्नेह मिलन का आयोजन किया जाता है।
संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी समाज पर गहरा प्रभाव डालती है। समाचारों में सकारात्मकता, प्रेरणा और सामाजिक मूल्यों को स्थान देकर पत्रकार समाज को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है।

अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने पत्रकारों को समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि पत्रकार की लेखनी आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास का हिस्सा बन सकती है। इसलिए ऐसी पत्रकारिता होनी चाहिए, जिससे लोगों में खुशी, संतुष्टि और सकारात्मक सोच का विकास हो।
गीता ज्ञान विशेषज्ञ राजयोगिनी बीके ऊषा दीदी ने पत्रकारों से अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय निकालकर परमात्मा का ध्यान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचारों का प्रभाव व्यक्ति के कर्मों पर भी पड़ता है और शांत मन से किया गया कार्य अधिक प्रभावशाली होता है।

वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई ने दादी प्रकाशमणि के पत्रकारों के प्रति स्नेह को याद करते हुए कहा कि दादीजी के मन में हमेशा विश्व कल्याण और विश्व बंधुत्व की भावना रही।
समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजयोगी बीके अवतार भाई ने स्वागत भाषण में कहा कि परमात्मा के संदेश और सामाजिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में पीआरओ बीके कोमल भाई ने पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन बीके शिवांगी बहन ने किया। अतिथियों का स्वागत बीके दलजीत भाई, बीके पुष्पेंद्र भाई, बीके गजानन भाई, बीके प्रेम भाई, बीके मोहित भाई एवं बीके त्रिलोचन भाई ने किया।