नई दिल्ली में शपथ ग्रहण समारोह, श्रमिक हितों और युवाओं को संगठन से जोड़ने का लिया संकल्प
सिरोही। स्वरूपगंज निवासी राहुल कुमार रावल को इंटक महासंघ में राजस्थान प्रदेश युवा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई दिल्ली स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित समारोह में रावल ने प्रदेश युवा अध्यक्ष पद की शपथ ली।
समारोह में इंटक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामीनाथ जेसवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गढ़िया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद गांधी तथा राष्ट्रीय मीडिया चेयरमैन नवाब खान आजाद सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद रावल को कार्यभार ग्रहण पत्र और संगठन का प्रतीक चिह्न सौंपा गया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माला व साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

नई जिम्मेदारी मिलने पर राहुल रावल ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वे राजस्थान में युवाओं को संगठन से जोड़ने, संगठन को मजबूत करने तथा श्रमिकों के अधिकारों एवं हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रयास करेंगे।

राहुल रावल को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से स्वरूपगंज सहित सिरोही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।