मंडार (सिरोही)। पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पर व्यापारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकाने के आरोपों को लेकर मंडार में व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। पुलिसकर्मी को हटाने की मांग को लेकर व्यापारी करीब 7 घंटे से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
व्यापारियों ने शनिवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और लक्ष्मीजी मंदिर के बाहर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी व्यापारी सामूहिक रूप से रैली के रूप में मंडार पुलिस थाने पहुंचे और हेड कांस्टेबल को तत्काल हटाने की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा व्यापारियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें धमकाया गया। इसी मामले को लेकर शुक्रवार देर शाम भी दर्जनों व्यापारी पुलिस थाने पहुंचे थे और अपना विरोध जताया था।
बताया गया कि डिप्टी अशोक आंजना के मंडार पहुंचने के दौरान भी व्यापारियों ने संबंधित पुलिसकर्मी को हटाने की मांग रखी थी। हालांकि शनिवार को व्यापारियों ने अपनी मांग को लेकर बाजार बंद कर सामूहिक रूप से प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
फिलहाल पुलिस थाने के बाहर व्यापारियों का धरना जारी है। व्यापारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और संबंधित पुलिसकर्मी को हटाए जाने की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आगे क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।