सिरोही में खुलेंगे 5,100 हनुमान चालीसा केंद्र : अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार और संस्कृति संरक्षण पर चर्चा

Spread the love

सिरोही, 22 अगस्त। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को संगठन के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद की केंद्रीय मंत्री माला बहन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता और युवाओं को राष्ट्र एवं संस्कृति से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

माला बहन ने कहा कि राजस्थान महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान जैसे वीर योद्धाओं की धरती है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक समरसता स्थापित करना आवश्यक है। समाज को जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि सिरोही जिले में 5,100 हनुमान चालीसा केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से गांव-गांव में सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को संगठित करने का कार्य किया जाएगा।

राष्ट्रीय बजरंग दल के जोधपुर प्रांत अध्यक्ष राकेश राजगुरू ने कहा कि हिन्दू बहनों की सुरक्षा के लिए संगठन सदैव तत्पर है। उन्होंने दावा किया कि पिछले छह महीनों में सिरोही जिले में आठ हिन्दू बहनों को कथित लव जिहाद के मामलों से सुरक्षित निकालकर उनके माता-पिता तक पहुंचाने में संगठन ने सहयोग किया।

उन्होंने गौ सुरक्षा के लिए समाज को जागरूक करने तथा नई पीढ़ी को देश के वीर योद्धाओं और महापुरुषों के इतिहास से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को महाराणा प्रताप, झांसी की रानी और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों की जीवनी पढ़नी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति से जुड़ी रहे।

राजगुरू ने बताया कि जोधपुर प्रांत के 20 जिलों में राष्ट्रीय बजरंग दल के शौर्य प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए हैं, जिनमें युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने के उद्देश्य से राजस्थान में एक लाख हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।

बैठक में कहा गया कि प्रत्येक परिवार को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ गांव-गांव में शौर्य प्रशिक्षण वर्ग एवं हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। संगठन पदाधिकारियों ने साधु-संतों की रक्षा, गौ रक्षा एवं हिन्दू बहनों की सुरक्षा के लिए आगे भी कार्य करने की बात कही।

बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री नरेश अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रजापति ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया तथा संगठन में नए दायित्वों की घोषणाएं कीं।

ये रहे उपस्थित

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष भंवर चौधरी, तेज सिंह राठौड़, गोविन्द सिंह डाबी, जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रजापति, जिला महामंत्री नरेश अग्रवाल, विक्रम रावल, मनोज सिंघल, अतुल रावल, भावेश आर्य, माधु सिंह देवड़ा (आकूणा), मनीष वाल्मीकि, रामलाल देवासी, कुलदीप राजगुरू, मयंक राजपुरोहित, कमलेश माली, गणपत सिंह, रवि सिंदल, वनराज सिंह, आरसीपी वंश राजपुरोहित, चुनीलाल, गणेश मीणा, इंद्रजीत मेघवाल, सवाराम, भकाराम चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *