रेवदर में राष्ट्रीय न्यू आदर्श श्रमजीवी पत्रकार संगठन की बैठक, वागसिंह गोहिल बने ब्लॉक अध्यक्ष

Spread the love

पत्रकारिता को जनहित का मजबूत माध्यम बनाने पर जोर, रेवदर ब्लॉक कार्यकारिणी का हुआ विस्तार

रेवदर। राष्ट्रीय न्यू आदर्श श्रमजीवी पत्रकार संगठन की ब्लॉक स्तरीय बैठक बुधवार को रेवदर के करोटी हाईवे स्थित उज्जैनी राव होटल में आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। बैठक में पत्रकारिता की भूमिका, जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी राजन लोहिया, राष्ट्रीय सचिव खुश्बू मेहता, विशिष्ट अतिथि रेवदर सीओ अशोक कुमार आंजणा, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल एवं जिला महामंत्री कैलाश रावल व रेवदर तहसीलदार पन्नालाल चौधरी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी, संगठन जिलाध्यक्ष करणसिंह राठौड़ एवं समाजसेवी ईश्वरलाल रावल, नरेंद्र सिंह भाटी, निमतलाई ने की। वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण दवे एवं रणजीतसिंह परिहार का भी सानिध्य रहा।

प्रशासन और आमजन के बीच सेतु है पत्रकारिता

बैठक को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी राजन लोहिया ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसी समस्याएं होती हैं, जिनकी जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में पत्रकार आमजन की आवाज बनकर इन मुद्दों को सामने लाते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित केंद्रित होनी चाहिए, जिससे वास्तविक समस्याएं प्रशासन के सामने आएं और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो सके।

रेवदर सीओ अशोक कुमार आंजणा ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाजहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय से आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं को प्रभावी तरीके से सामने लाया जा सकता है।

तहसीलदार पन्नालाल चौधरी एवं विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी ने भी पत्रकारों को संबोधित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा प्रशासन और आमजन के बीच सकारात्मक सेतु की भूमिका निभाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन विक्रम रावल ने किया।

रेवदर ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार

बैठक के दौरान संगठन की रेवदर ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण दवे एवं रणजीतसिंह परिहार को संरक्षक नियुक्त किया गया। वहीं सर्वसम्मति से वागसिंह गोहिल को रेवदर ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यकारिणी में विक्रम सिंह राव भटाणा एवं ललित श्रीमाली मंडार को उपाध्यक्ष, हीरालाल सैन को महासचिव, शैलेष अग्रवाल एवं अमृतलाल प्रजापत को सचिव, महेन्द्र कुमार धर्माणी को कोषाध्यक्ष, करसनदास संत जेतावाड़ा को पदाधिकारी, जीतेन्द्र कुमार संत को प्रवक्ता तथा विक्रम कुमार डाबी एवं सोमाराम कोली को महामंत्री नियुक्त किया गया।

इसी प्रकार भेराराम देवासी सिरोड़ी को मीडिया प्रभारी तथा नारायण सिंह दहिया, महेन्द्र कुमार सनवाड़ा, उकाराम देवासी, नासीर भाटी एवं विकास कुमार को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में पत्रकार नरेश चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *