गंगापुर सिटी में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम, 46 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

Spread the love

गंगापुर सिटी। शनिवार को गंगापुर सिटी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के बाद एडीएम तोमर ने राजस्थान पुलिस, राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड तथा एनसीसी की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। समारोह में उन्होंने राज्यपाल का संदेश भी उपस्थित लोगों को पढ़कर सुनाया।

46 प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यार्थियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 46 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी परेड और व्यायाम का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की देशभक्ति, राजस्थानी एवं फिल्मी गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में विधायक रामकेश मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायण लाल शर्मा, एसडीएम बृजेंद्र मीणा, तहसीलदार सुरेश बिश्नोई, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर तथा विद्यालय की संस्था प्रधान राजेन्द्री मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य आकर्षण: ध्वजारोहण, परेड की सलामी, 46 प्रतिभाओं का सम्मान और विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *