हरियालो राजस्थान के तहत 20 पौधों का रोपण, मदरसों में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
सिरोही, 15 अगस्त। अल्पसंख्यक मामलात विभाग, सिरोही द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। जिला कार्यालय, राजकीय अल्पसंख्यक बालक छात्रावास तथा जिले के पंजीकृत मदरसों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, परिजनों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चौधरी ने बताया कि जिले के मदरसा मंडार, शिवगंज, ईसरा, आबूरोड, सांतपुर, भाटकड़ा, स्वरूपगंज, रेवदर, आरासना, सुरपगला, बरलूट, कृष्णगंज एवं सिरोही रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नन्हें विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देशभक्ति का संदेश दिया। सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा विद्यार्थियों को मिष्ठान्न एवं पारितोषिक वितरित किए गए।
छात्रावास में हुआ पौधारोपण
राजकीय अल्पसंख्यक बालक छात्रावास, सिरोही में आयोजित कार्यक्रम में सहायक रजिस्ट्रार ऋषभ मरडिया, यूनानी चिकित्सक शकील कुरैशी, सहकारिता निरीक्षक अनिल कुमार, इनायत खान एवं मूसे खान अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चौधरी ने की।
इस अवसर पर हरियालो राजस्थान अभियान के तहत 20 पौधों का रोपण किया गया। आयोजन में स्वतंत्रता दिवस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
