अलवर। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के एमआईए इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह एक ऑयल मिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घटनास्थल से उठता काले धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए अलवर सहित खैरथल-तिजारा, भिवाड़ी, किशनगढ़ और राजगढ़ समेत कई स्थानों से करीब 10 से 12 दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए।
आग पर काबू पाने में जुटी दमकल टीमें
फायर ऑफिसर अमित मीणा के अनुसार, उद्योग नगर स्थित खंडेलवाल ऑयल मिल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहनों को तुरंत रवाना किया गया। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
आग की घटना में ऑयल मिल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने और मौके की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मिल मालिक को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
धुएं का गुबार देख जमा हुई भीड़
आसमान में उठते काले धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं।
🟢………. विज्ञापन………..🟢
