मासूम छात्र से कथित मारपीट पर गरमाया मामला, संयम लोढ़ा ने एसपी से की कार्रवाई की मांग
सिरोही। शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा के एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। छात्र के परिजनों ने शिक्षक पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बच्चे के शरीर पर चोटें आने की बात कही है।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक संयम लोढ़ा छात्र के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने बच्चे के शरीर पर आई चोटों को भी दिखाया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस थाने पहुंचने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एक पुलिस हेड कांस्टेबल पर समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया।
इसके बाद संयम लोढ़ा छात्र और उसके परिजनों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ से मिले। उन्होंने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित डिप्टी को प्रकरण दर्ज करने, बच्चे का मेडिकल करवाने तथा आरोपी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बाद में लोढ़ा ने छात्र और उसके परिजनों के साथ जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर से भी मुलाकात की। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई तथा विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
संयम लोढ़ा ने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने के साथ उनकी सुरक्षा का भी स्थान है। किसी मासूम बच्चे के साथ हिंसा का आरोप गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।
इस दौरान सिरोही नगर कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब मामले में पुलिस जांच, छात्र के मेडिकल और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है। हालांकि शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।