Headlines

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर तोमर ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Spread the love

कार्यक्रम में नहीं रहेगी कोई कमी, परेड से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था तक की हुई समीक्षा

सिरोही, 10 अगस्त। आगामी स्वाधीनता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक लेकर समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी विभागों को उनके दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने विभागवार अधिकारियों से उनके जिम्मे सौंपे गए कार्यों की जानकारी ली और अब तक हुई तैयारियों की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरी गंभीरता, उत्साह और गरिमा के साथ किया जाए।

परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक समीक्षा

कलेक्टर ने बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आमंत्रण पत्र, परेड एवं रिहर्सल, मंच व्यवस्था, साफ-सफाई, पुलिस सुरक्षा, साउंड सिस्टम सहित समारोह से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता बढ़ाने पर जोर

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को 9 से 17 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान तथा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी इन कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करें और आमजन को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

11 और 12 अगस्त को लगेगी विशेष प्रदर्शनी

हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में 11 एवं 12 अगस्त को विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रदर्शनी सहित सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुर्गा शंकर मीणा, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, सीओ मुकेश चौधरी, कोषाधिकारी अलका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *