संयुक्त निदेशक डॉ. नरेन्द्र कुमार सक्सेना ने जिला अधिकारियों और बीसीएमओ के साथ की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति पर भी हुई चर्चा
बाड़मेर, 10 अगस्त। जिले में मौसमी बीमारियों की संभावित स्थिति को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और रोकथाम की गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जोधपुर जोन के संयुक्त निदेशक डॉ. नरेन्द्र कुमार सक्सेना ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (बीसीएमओ) की बैठक लेकर मौसमी बीमारियों सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।
बैठक में डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर विशेष चर्चा हुई। संयुक्त निदेशक ने अधिकारियों को बुखार के मरीजों की समय पर जांच, संभावित रोगियों की निगरानी, एंटी लार्वा गतिविधियों और घर-घर सर्वे को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संभावित बीमारी प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां नियमित निगरानी और फॉलोअप किया जाए। मैदानी स्वास्थ्यकर्मी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें और आवश्यकता सामने आने पर तत्काल निरोधात्मक गतिविधियां शुरू की जाएं।
आमजन को जागरूक करने पर जोर
डॉ. सक्सेना ने स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए व्यापक आईईसी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी हुई समीक्षा
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
संयुक्त निदेशक ने अधिकारियों से कार्यक्रमवार उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक कार्ययोजना बनाकर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीसीएमओ को अपने-अपने ब्लॉक में अधीनस्थ चिकित्सा संस्थानों और मैदानी कर्मचारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
फील्ड रिपोर्टिंग में गुणवत्ता जरूरी
बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े आंकड़ों की समय पर और गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्धारित पोर्टल एवं माध्यमों पर डाटा की सही समय पर एंट्री करने तथा फील्ड से प्राप्त रिपोर्टों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बीसीएमओ को चिकित्सा संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने, दवाइयों की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमएचओ ने दी जिले की प्रगति की जानकारी
बैठक में सीएमएचओ डॉ. विष्णुराम विश्नोई ने जिले में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति से संयुक्त निदेशक को अवगत कराया। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले में चल रही गतिविधियों और फील्ड स्तर की मॉनिटरिंग की जानकारी भी दी।
बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह, आरसीएचओ डॉ. बाकाराम, डीपीएम सचिन भार्गव सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यक्रम प्रभारी और जिले के सभी बीसीएमओ मौजूद रहे।
अंत में अधिकारियों ने बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रभावी पालना करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।