Headlines

बाड़मेर में NHM को मिली नई ताकत: 6 नव नियुक्त अधिकारियों ने संभाला कार्यभार, फील्ड मॉनिटरिंग होगी मजबूत

Spread the love

जिला स्तर पर प्रशिक्षण के बाद ब्लॉक व सेक्टर में मिलेगी जिम्मेदारी, स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने पर रहेगा फोकस

बाड़मेर, 10 अगस्त। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में नव नियुक्त ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारियों और सेक्टर हेल्थ सुपरवाइजरों ने कार्यभार संभाल लिया है। विभाग की ओर से इन सभी कार्मिकों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन्हें संबंधित ब्लॉक एवं सेक्टर में फील्ड जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

सीएमएचओ डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में नव नियुक्त कार्मिकों को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों की निगरानी, फील्ड गतिविधियों और रिपोर्टिंग व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक सचिन भार्गव ने प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्मिकों को टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फील्ड में योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और विभागीय गतिविधियों की नियमित समीक्षा को महत्वपूर्ण बताया।

आशा और एएनएम की भूमिका पर दिया जोर

जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश भाटी ने प्रशिक्षण में आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम की भूमिका को स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में इन दोनों की भूमिका बेहद अहम है।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव के लिए जागरूकता, बच्चों का टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में आशा एवं एएनएम के योगदान की जानकारी दी।

नव नियुक्त अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए कि वे फील्ड में आशा और एएनएम के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करें। फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए प्रभावी समन्वय करना और विभागीय योजनाओं की निगरानी करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

इन 6 कार्मिकों ने संभाला कार्यभार

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी के पद पर बांकाराम, कंवराज और संध्या ने कार्यग्रहण किया है। वहीं सेक्टर हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर दिनेश, राजेन्द्र और देवेन्द्र कुमार ने जिम्मेदारी संभाली है।

वर्तमान में सभी नव नियुक्त कार्मिकों को जिला स्तर पर विभागीय कार्यप्रणाली, योजनाओं, फील्ड मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद इन्हें निर्धारित ब्लॉक एवं सेक्टर में नियुक्त किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग को मिलेगा नया सपोर्ट

नव नियुक्त कार्मिकों के फील्ड में पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है। इससे स्वास्थ्य संस्थानों, आशा एवं एएनएम सहित अन्य फील्ड कार्मिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

विभाग का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। अधिकारियों ने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी जिम्मेदारी, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *