Headlines

सिरोही: पंचायत चुनाव की तैयारियों का जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया जायजा, 43 मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

Spread the love

मतदाता सूची, मूलभूत सुविधाओं और चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सिरोही, 7 अगस्त। आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को शिवगंज एवं सिरोही पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।

शिवगंज पंचायत समिति के अंतर्गत मांडानी, नारादरा, कैलाशनगर, वाण, भेव, अरठवाड़ा, पोसालिया तथा पालड़ी एम. ग्राम पंचायतों के कुल 43 मतदान केन्द्रों का अवलोकन करते हुए उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। जहां भी आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची में लंबित त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण करने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद उन्होंने पंचायत समिति सिरोही के गोयली, ऊड़ एवं जावाल स्थित मतदान केन्द्रों का भी निरीक्षण कर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश चौधरी, संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सुपरवाइजर, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी एवं बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *