Headlines

सिरोही में संत रविदास जयंती पर समरसता का संदेश, कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत

Spread the love

ईदगाह रोड का नाम बदलकर ‘संत रविदास (रैदास) मार्ग’ किया गया, जनप्रतिनिधियों ने संत के विचारों को बताया समाज के लिए प्रेरणा

सिरोही, 7 अगस्त। [ रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ] संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा का शुक्रवार को सिरोही शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। शहर के तीनबत्ती चौराहा, झुपाघाट, पैलेस रोड और ईदगाह रोड सहित कई मार्गों पर श्रद्धालुओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर ईदगाह रोड (कब्रिस्तान मार्ग) का नाम परिवर्तित कर “संत रविदास (रैदास) मार्ग” किए जाने का लोकार्पण भी किया गया।

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से सामाजिक भेदभाव, कुरीतियों और असमानता के विरुद्ध आवाज उठाई तथा समता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं।

राजस्थान प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि संत रविदास का जीवन संघर्ष, समानता और मानव सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि संत रविदास ने समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान दिलाने का कार्य किया। उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी के लिए भी उतने ही प्रेरणादायक हैं और युवाओं को उनके विचारों से सीख लेकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना चाहिए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा जिले के प्रत्येक मंडल, शहर और गांव तक पहुंचेगी तथा संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रकाश रावल ने किया। इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *