कोटा में भीषण अग्निकांड: तीन मंजिला इमारत धधकी, फुटवियर शोरूम, बैंक और कई ऑफिस आग की चपेट में

Spread the love

जयपुर/कोटा | राजस्थान के कोटा शहर के व्यस्त गुमानपुरा क्षेत्र में शनिवार शाम एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले एक फुटवियर शोरूम में लगी और देखते ही देखते आसपास की अन्य दुकानों व इमारतों तक फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शाम करीब 5 बजे घोड़े वाले बाबा चौराहे के पास स्थित इमारत में लगी। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि इमारत के भूतल पर फुटवियर शोरूम और दुकानें, पहली मंजिल पर विभिन्न कार्यालय, जबकि दूसरी मंजिल पर आवासीय उपयोग हो रहा था। आग ने पास स्थित एक अन्य इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक बैंक और एक अन्य फुटवियर शोरूम संचालित है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *